सहारनपुर के कोतवाली मंडी क्षेत्र की पीरवाली गली में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके से पति और ससुरालिए फरार हो गए। मृतका के गले पर रस्सी के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। विवाहिता की हत्या हुई या फिर उसने आत्महत्या की, पुलिस दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।
जनपद मुजफ्फरनगर रतेड़ी निवासी सिदरा (32) की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व कोतवाली मंडी क्षेत्र की पीरवाली गली नंबर-12 निवासी शाकिर के साथ हुई थी। रविवार की दोपहर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि घर में सिदरा का शव पड़ा है। पता लगते ही कोतवाली मंडी प्रभारी नेमचंद मौके पर पहुंच गए। घर से पति और मृतका की दो ननद, एक देवर व अन्य ससुरालिए फरार मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका के मायके में घटना की सूचना दी। मायके पक्ष ने दहेज की खातिर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।