रामपुर। दिल्ली से सीतापुर जा रही एक रोडवेज बस का मूंढापांडे थाना क्षेत्र में टायर पंक्चर हो गया। चालक-परिचालक को सड़क किनारे रोककर टायर बदलने लगे। इस दौरान एक महिला यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे खड़ी हो गई। तभी एक ट्रक ने महिला को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई।
सीतापुर के लालबाग थाना क्षेत्र के तानसेन गंज निवासी समीना (37) रोडवेज की बस में अपने बेटे के साथ दिल्ली से सवार होकर सीतापुर जा रही थी। रास्ते में गुरुवार रात करीब दो बजे मूंढापांडे थाना क्षेत्र में हाईवे पर रोडवेज बस का टायर पंक्चर हो गया। बस के चालक और परिचालक टायर बदलने लगेे। इस दौरान समीना बस से उतरकर सड़क के किनारे खड़ी हो गईं। इस बीच मुरादाबाद की ओर से आए एक ट्रक ने समीना में टक्कर मार दी। हादसे में समीना गंभीर रूप से घायल हो गई। इतने में चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद समीना को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल आया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बाद में सूचना पर पहुंची अस्पताल चौकी पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अस्पताल चौकी प्रभारी सत्य विजय सिंह ने बताया कि महिला को मूंढापांडे में एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी। अस्पताल में उसकी मौत हो गई।