रामपुर। जिले में इन दिनों बुखार कहर बरपा रहा है। बड़ी संख्या में लोग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। इस बीच डेंगू-मलेरिया के मामले भी सामने आने शुरू हो गए हैं। जिले में एक महिला और एक केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान में डेंगू की पुष्टि हुई है। हालांकि जवान में डेंगू की पुष्टि गाजियाबाद में हुई है, लेकिन रामपुर से संबंधित होने पर इसकी रिपोर्ट रामपुर स्वास्थ्य विभाग को भेजी गई है।
जिले में कोरोना संक्रमण से भले ही पिछले करीब एक माह से राहत है और कोई नया मामला सामने नहीं आया है लेकिन, बुखार तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। सरकारी और निजी अस्पतालों पर सैकड़ों की संख्या में रोजाना बुखार पीड़ित पहुंच रहे हैं। इस बीच अब जिले में डेंगू के मामले भी सामने आने शुरू हो गए हैं। कुछ दिनों पहले मुरादाबाद में जांच के दौरान जनपद निवासी दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई थी। अब गाजियाबाद गए एक केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान की डेंगू की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हुई है। मलेरिया अधिकारी पंकज द्विवेदी ने बताया कि जवान सितंबर माह की शुरुआत में गाजियाबाद गए थे और वहीं पर कुछ दिनों बाद इनमें डेंगू की पुष्टि हुई है। जवान का उपचार भी परिजन वहीं करा रहे हैं। इसके साथ ही जिला अस्पताल पहुंची भोट क्षेत्र की एक महिला में भी जिला अस्पताल में हुई जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। सितंबर माह में अब तक मलेरिया के भी पांच नए रोगी सामने आ चुके हैं। जिसके बाद जिले में इस साल अब तक 57 मलेरिया रोगी सामने आ चुके हैं।