क्षतिग्रस्त लेंटर गिरने के बाद फैला मलवा
- फोटो : अमर उजाला
शादाबाद के अनवा गांव में क्षतिग्रस्त पुराना लेंटर अचानक गिर गया । लेंटर के मलबे में तीन सगे भाई-बहन दब गए। लेंटर गिरने और बच्चों की चीख के साथ परिजनों का शोर सुनकर ग्रमीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने मलबे के नीचे दबे दोनो सगे भाइयों और बहन को निकाला, जिसमें एक भाई की मौत हो चुकी थी और एक भाई-बहन की हालत गंभीर बनी हुई थी। घायल अवस्था में परिवार के लोग दोनो बच्चों को निजी चिकित्सक के यहां ले गए।
शुक्रवार तड़के शाहबाद थाना क्षेत्र के अनवा गांव निवासी राजेश उर्फ पप्पू के बेटे आकाश (3), बॉबी(10) और बेटी वसुंधरा (8) गांव में निकलने वाली प्रभातफेरी में से वापस आकर अपने घर के बरामदे में खड़े हो गए थे। तभी बरामदे का पुराना क्षतिग्रस्त लेंटर गिर गया। इस दौरान राजेश और उनकी पत्नी किसी तरह बच गए, लेकिन लेंटर दोनो बेटों व बेटी के ऊपर आ गिरा।
हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर ग्रामीण घटना स्थल पर एकत्र हो गए। इस दौरान घटना स्थल पर अफ़रा-तफ़री का माहौल पैदा हो गया। आनन-फानन में ग्रामीणों ने मलबे के नीचे दबे सगे भाइयों और बहन को निकाला।
मलबे से निकालते समय तक छोटे बेटे आकाश की मौत हो चुकी थी जबकि बड़े बेटे बॉबी की हालत गंभीर बनी हुई थी। परिवार के लोग घायल अवस्था में ही बॉबी को आनन-फानन में किसी निजी चिकित्सक के यहां ले गए जबकि बेटी की गांव में प्राथमिक उपचार करा दिया गया। उधर घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ मौजूद थी, और चीख पुकार मची हुई थी। इस अचानक हादसे से गांव में गम का माहौल है।