रामपुर के खजुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में एक विवाहिता फंदे पर लटकी मिली। परिजन आनन-फानन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना खजुरिया थाना क्षेत्र के महतोष गांव की है। रूपचंद की शादी बिहार निवासी सीमा देवी (20) से हुई थी। बताते हैं कि शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे सीमा देवी अपने कमरे में फंदे पर लटकी हुई मिलीं। जब परिजनों ने सीमा देवी को फंदे पर लटके देखा तो उनके होश उड़ गए।
आनन-फानन परिजन सीमा देवी को अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन, यहां पर चिकित्सकों ने सीमा देवी को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
खजुरिया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में मामला घरेलू कलह का सामने आ रहा है। पुलिस ने सूचना मायके पक्ष के परिजनों को दे दी है। पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष के परिजनों के पहुंचने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।