मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी
कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसपी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, दिए दिशा-निर्देश
फोटो---
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रामपुर आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन की तैयारियां पूरी हो गईं हैं। कार्यक्रम स्थल पर मंच से लेकर पंडाल तक तैयार हो चुके हैं। वहीं, मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसपी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों को ब्रीफ किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रामपुर आएंगे। लिहाजा, उनके आगमन को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रहीं थीं, जिन्हें रविवार शाम को अंतिम रूप दिया गया। मुख्यमंत्री सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे रामपुर पहुंचेंगे, जिसके बाद महात्मा गांधी स्टेडियम में उनकी जनसभा होगी। इसके साथ 63.59 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके लिए स्टेडियम में मंच व पंडाल तैयार कर लिया गया है।
रविवार को दोपहर के बाद मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह, डीआईजी शलभ माथुर, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। साथ ही पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों को कार्यक्रम के मद्देनजर ब्रीफिंग दी। इस बीच मंडलायुक्त ने कुछ जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने ट्रैफिक, पार्किंग स्थलों के बारे में जानकारी ली। साथ ही पुलिस अधिकारियों से रूट प्लान के बारे में जानकारी ली।
--
राज्यमंत्री बलदेव औलख ने भी किया निरीक्षण
रामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रामपुर आगमन को लेकर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों से कार्यक्रम को लेकर किए गए इंतजामों के बारे में जानकारी ली और जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस मौके परी पैक्सफेड के चेयरमैन सूर्यप्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता समेत भाजपा के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।