रामपुर। श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाशोत्सव पर प्रभातफेरी निकालकर निशान साहिब को चोला चढ़ाया गया। वाहे गुरु का खालसा वाहे गुरु की फतह से फिजा गूंज उठी।
श्रीगुरु गोविंद सिंह जी महाराज का प्रकाशोत्सव नौ जनवरी को गुरुद्वारा श्रीनानक दरबार में मनाया जाएगा। प्रकाशोत्सव को लेकर पिछले 24 दिन से शहर में प्रभातफेरी निकाली जा रही है। बुधवार को भी प्रभातफेरी निकाली गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे पहुंचना शुरु कर दिया था। पहले श्रद्धालुओं ने प्रभातफेरी निकाली। प्रभातफेरी के गुरुद्वारे पहुंचने के बाद निशान साहिब को चोला चढ़ाने की रस्म पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव से पूरी की गई। निशान साहिब के चोला चढ़ाने समय धार्मिक उद्घोषों से वातावरण गूंज उठा। निशान साहिब को चोला चढ़ाने के बाद प्रसाद वितरित हुआ। इसके बाद लंगर बरताया गया। लंगर के बाद गुरुवार को होने वाले नगर कीर्तन की तैयारी को लेकर संगतों से विचार विमर्श किया। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। अवतार सिंह जत्थेदार, गुरुद्वारे के प्रधान गुरजीत सिंह आहूजा, इंद्रजीत सिंह, हरबंस सिंह, गुरमीत सिंह, अमरजीत सिंह, जगजीत सिंह, हरपाल सिंह,नानक सिंह, चरन कौर,जसपाल कौर, त्रिपत कौर, गुरमीत कौर, महेंद्र जीत कौर, रविंद्र कौर, रंजीत कौर, कोमलजीत कौर आदि मौजूद रहे।