रामपुर। आने वाले दिनों में रामपुर के किसानों की खेती का तरीका बदलने वाला है। जिले में धान-गेहूं समेत अन्य पारंपरिक फसलों का रकबा कम कर दलहन-तिलहन का रकबा बढ़ाया जाएगा। साथ ही किसानों को सहफसली के लिए प्रेरित कर सहफसली को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए कृषि विभाग समन्वित कृषि कार्ययोजना तैयार कर रहा है।
समन्वित कृषि कार्ययोजना को अगले फसल चक्र से लागू करने की तैयारी है। जिसमें न सिर्फ फसलों के चक्र के अनुसार नई फसलों को शामिल कर पारंपरिक फसलों के रकबे को कम किया जाएगा बल्कि किसानों की भूगर्भ जल स्तर, उर्वरक-रसायन के अधिक प्रयोग से होने वाले नुकसानों से बचाने, सिंचाई की समस्या दूर करने, फसलों को उच्च गुणवत्ता के साथ अच्छी पैकिंग के जरिए बाजार में अच्छे दामों में बिकवाने, मृदा उत्पादकता व गुणवत्ता सुधार करने आदि पर पर काम होगा।