रामपुर। लोकसभा उपचुनाव में आठ प्रत्याशियों ने नामांकनपत्र दाखिल किए थे। एक प्रत्याशी का नामांकनपत्र खारिज हो गया था, जबकि एक प्रत्याशी ने बृहस्पतिवार को नामांकनपत्र वापस ले लिया। जिसके बाद चुनाव मैदान में सिर्फ छह प्रत्याशी ही बचे हैं। अब इन्हीं के बीच चुनावी मुकाबला होगा और 23 जून को रामपुर में मतदान होगा।
लोकसभा उपचुनाव के लिए आठ प्रत्याशियों ने नामांकन कराए थे। जिसमें भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी, सपा प्रत्याशी मोहम्मद आसिम राजा, संयुक्त समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हरिप्रकाश आर्य, निर्दलीय अशोक कुमार, नरेश कुमार सैनी, इम्तियाज उर रहमान खां, शिव प्रसाद और कपिल देव शामिल थे। जिसमें नरेश कुमार सैनी का पर्चा निरस्त हो गया था तो वहीं, कांग्रेस और बसपा पहले ही मैदान छोड़ चुकी हैं। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में नाम वापसी होनी थी। जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के समक्ष निर्दलीय प्रत्याशी अशोक कुमार पहुंच गए और उन्होंने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। अब चुनाव मैदान में सिर्फ छह उम्मीदवार ही बचे हैं। उपचुनाव के लिए रामपुर में 23 जून को मतदान होगा।