स्वार (रामपुर)। क्षेत्र के खौदकला गांव में बंदर ने तीन वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे घायल कर दिया। उसे सीएचसी लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया।
तीन दिन के भीतर गांव में बंदरों का यह दूसरा हमला है। बंदरों के झुंड को लेकर ग्रामीण परेशान हैं। खौदकला गांव में बंदरों की भरमार है। उन्होंने ग्रामीणों की नाक में दम किया हुआ है। अभी तक तो छतों पर सूखते कपड़ों आदि को नुकसान पहुंचाते रहे हैं लेकिन बीते तीन दिनों से बंदर इंसानों पर हमलावर हैं। सोमवार की शाम मोहम्मद इरफान का तीन वर्षीय बेटा मोहम्मद अरहान अपने घर के आंगन में खेल रहा था कि छत पर बैठे बंदर नीचे उतर आए और उन्होंने बालक पर हमला कर घायल कर दिया। बच्चे के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के लोग आ गए जिन्होंने डंडे लेकर बंदरों को भगाया। इस दौरान बच्चा जख्मी हो चुका था। उसे मंगलवार को सीएचसी लाया गया। बीते शनिवार को इसी गांव के अनवर अली के नौ वर्षीय बेटे मोहम्मद अर्श पर भी बंदरों ने हमला किया था जिसमें वह घायल हो गया था। सोमवार की घटना के बाद ग्रामीणों में बंदरों का खौफ और बढ़ गया है। संवाद