रामपुर। करीब छह माह से बंद काठगोदाम-मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन का रेलवे ने फिर से संचालन शुरू कर दिया है। पैसेंजर के संचालन से कई स्टेशन गुलजार हो गए । इस दौरान दो दिनों में 50 से अधिक यात्रियों ने सफर किया है।
काठगोदाम-मुरादाबाद रेलवे ट्रैक पर कुल 12 स्टेशन हैं जिसमें पैसेंजर ट्रेन का स्टॉपेज हैं। अक्तूबर माह में हुई बारिश के बाद कई क्षेत्रों में बाढ़ आने पर काठगोदाम रेलवे ट्रैक को काफी नुकसान हुआ था। ट्रैक की मरम्मत के चलते 19 अक्तूबर 2021 से मुरादाबाद-काठगोदाम पैसेंजर ट्रेन सहित एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन बंद कर दिया गया था। हालांकि, कुछ दिन बाद ही ट्रैक को ठीक करने के बाद एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरूहो गया था लेकिन, पैसेंजर ट्रेन का संचालन बंद रहा था। इस कारण लोगों को आवाजाही की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लोग ट्रेन के दोबारा संचालन को लेकर लंबे समय से मांग कर रहे थे। करीब छह माह बाद मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर की संस्तुति के बाद ट्रेन का संचालन फिर शुरू कर दिया गया है। ट्रेन काठगोदाम से चलकर हल्द्वानी, लाल कुआं, हल्दी रोड, रूद्रपुर सिटी, बिलासपुर रोड, केमरी, चमरौआ, रामपुर, मूंढापांडे, दलपतपुर स्टापेज पर रुकती हुई मुरादाबाद तक चलती है।