मसवासी। गांव घोसीपुरा में घर में घुसकर मारपीट, पथराव और वृद्ध को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर 15 नामजद व 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
रविवार सुबह चौकी क्षेत्र के गांव घोसीपुरा-पट्टीकलां निवासी निजाम बाइक से सीमेंट (पुट्टी) लेने के लिए जा रहा था। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार कार ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मारी। हादसे में निजाम घायल हो गया। घायल निजाम ने गांव निवासी कार चालक से मामले का विरोध किया, तब कई लोगों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। किसी तरह जान बचाकर निजाम ने घर की ओर दौड़ लगा दी। आरोप है कि बाद में हथियारबंद कई लोगों ने निजाम के घर पर हमला बोल दिया। ट्रैक्टर से गेट तोड़कर भीतर घुसे लोगों ने परिजनों से मारपीट क ी। निजाम की मां चांद बी के सिर में लाठी मारकर घायल कर दिया। आरोप है कि बेटे निजाम को बचाने आए पिता सलीम पर आरोपियों ने फायर झोंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
फायरिंग की आवाज से ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। किसी तरह ग्रामीणों ने घायलों को स्वार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने रामपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज कोमल सिंह घोसीपुरा-पट्टीकलां पहुंच गए। उन्होंने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। कुछ ही देर में गांव पहुंचे स्वार सीओ धर्मसिंह मार्छल और एसओ हरेंद्र सिंह ने घटनास्थल का मौका-मुआयना किया।
चौकी इंचार्ज कोमल सिंह ने बताया कि पीड़ित निजाम की ओर से मिली तहरीर के आधार पर घोसीपुरा-पट्टीकलां निवासी अकरम उर्फ अक्का, सद्दाम, कल्वे, शहादत, अबरार, इकबाल, जफर, शेरु, असगर, नासिर, सालिम, मासूम, मोहम्मद उमर, राशिद और सद्दाम समेत 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 149, 323 (एक राय होकर मारपीट और बलवा करना), 452, 504, 506 ( घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देना और गाली-गलौज करना), 120 बी (आपराधिक षड्यंत्र), 427 (एक हजार रुपये तक का नुकसान पहुंचाना), 307 (जानलेवा हमला करना) के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।