रामपुर। जिले में जल्द ही प्रत्येक ग्राम पंचायत का अपना कार्यालय, भवन, कर्मियों के आवास लेकर अन्य सुविधाओं युक्त परिसर होगा। इसके लिए पंचायत भवन विहीन ग्राम पंचायतों की सूची तैयार कर धन की उपलब्धतानुसार निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया है। जिसमें जिले में फिलहाल 18 ग्राम पंचायतों में बहुउद्देशीय पंचायत भवनों का निर्माण कार्य चल रहा है।
जिले में कुल 684 ग्राम पंचायतें हैं लेकिन पंचायत भवन की सुविधा महज 156 ग्राम पंचायतों के पास ही अपने ग्राम पंचायत भवन हैं। जिनमें ग्राम प्रधान से लेकर अन्य पंचायत राज विभाग के अधिकारी-कर्मी बैठ सकते हैं या विकास कार्यों की रुपरेखा तैयार करने की बैठक या चर्चा कर सकते हैं। जिले में 528 ग्राम पंचायतों के पास अपने पंचायत भवन तक नहीं हैं तो वहां पर विकास की रफ्तार कैसे बढ़े। शासन के निर्देशों पर अब जिले में हर ग्राम पंचायत में बहुउद्देशीय ग्राम पंचायत भवन बनाने का काम तेजी से शुरू किया गया है। पंचायत भवनों का निर्माण ग्राम निधि और मनरेगा कन्वर्जन कास्ट से किया जाएगा। जिन ग्राम पंचायतों की ग्राम निधि में धन की उपलब्धता और पंचायत भवन निर्माण के लिए ग्राम समाज की जमीन उपलब्ध हैं उन ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। जिले में ऐसी 18 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें बहुउद्देशीय पंचायत भवनों का निर्माण किया जा रहा है।