मसवासी (रामपुर) खनन वाहनों से अवैध वसूली की वायरल वीडियो पुलिस की जांच के दौरान सही पायी गई है। जांच को पहुंचे सीओ की रिपोर्ट में भ्रष्टाचार की पुष्टि होने पर खनन अधिकारी ने दो पीआरडी जवानों व रिटायर्ड फौजी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
गुरुवार को सीओ वायरल वीडियो की जांच को गोपनीय तरीके से मौके पर पहुंचे। सीओ ने मुख्य चौराहे पर मौजूद पीआरडी जवानों की निगरानी टीम के सामने से गुजरे वाहनों को रोक लिया। जांच के दौरान वाहन चालकों के पास खनन संबंधित रॉयल्टी नहीं मिली। जानकारी पर पता चला कि वाहन चालक पीआरडी जवानों को सुविधा शुल्क देकर पास हुए हैं। इस पर सीओ ने दोनों वाहनों को सीज करा दिया। इसके साथ ही निगरानी टीम के खिलाफ रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
सीओ की जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने पर खनन अधिकारी राजकुमार ने पीआरडी जवान अमित कुमार, बलकार सिंह व रिटायर्ड फौजी पलविंदर सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दोबारा इस तरह के मामले सामने आने पर भी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।