रामपुर। जिलेभर की बिजली व्यवस्था पूूरी तरह पटरी से उतर गई है। शहर के साथ ही तहसील और ग्रामीण इलाके में अंधाधुंध बिजली कटौती होने से लोग बेहाल हैं। बिजली कटौती होने से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। तहसील मुख्यालयों पर 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो हालात बहुत बुरे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में तो महज छह से आठ घंटे ही बिजली मिल रही है। जिससे किसान फसलों की सिंचाई भी नहीं कर पा रहे हैं। विभागीय अधिकारी कटौती के पीछे कोयला संकट कारण बता रहे हैं।
पिछले करीब हफ्ते भर से जिलेभर में इमरजेंसी कटौती के नाम पर अंधाधुंध कटौती की जा रही है। जिला मुख्यालय पर 24 घंटे, तहसील मुख्यालयों पर 20 घंटे और ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे बिजली देने का शेडयूल है। लेकिन, शेडयूल के मुताबिक बिजली नहीं मिल पा रही है। रामपुर शहर को 24 घंटे बिजली मिलने की जगह 17-20 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। पिछले तीन दिन की बात की जाए तो तहसील मुख्यालयों को औसतन 12 से 14 घंटे और ग्रामीण इलाके को औसतन छह से आठ घंटे ही बिजली मिल पाई है।