रामपुर। रविवार की दोपहर से शुरू हुई बारिश सोमवार को पूरे दिन होती रही। जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। वहीं, बिजली व्यवस्था चौपट हो गई है। कई स्थानों पर एचटी लाइन की पोल टूट गए हैं, तो कहीं लाइनों पर पेड़ गिर गए हैं। जिसके कारण दिनभर विद्युत आपूर्ति बाधित रही। बिजली न होने से लोग परेशान हो गए।
रविवार से जिलेभर में हो रही भारी बारिश ने बिजली व्यवस्था अस्त-व्यस्त कर दी है। रविवार को जैसे तैसे देर रात तक विद्युत आपूर्ति सुचारु हो पाई थी। रात में भी बारिश होती रही। जिससे कई स्थानों पर बिजली के पोल गिर गए। लालपुर स्थित 132 केवीए बिजली घर से अकेला बिजली घर को आ रही 33 केवीए की विद्युत लाइन के तीन पोल वाल्मीकि बस्ती के निकट क्षतिग्रस्त हो गए। इससे किला बिजलीघर से जुड़े पूरे इलाके की बिजली सुबह से ठप पड़ी है। विद्युत पोल सही करने गए कर्मचारियों को वाल्मीकि बस्ती के लोगों ने दूसरी जगह पोल लगाने का विरोध किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने विद्युत पोल लगवाए। डूंगरपुर बिजली घर के लिए परवलिया बिजली घर से आ रही 33 केवीए की लाइन ब्रेकडाउन में आ गई। जिससे काफी देर तक इस बिजलीघर से जुड़े भी इलाके की विद्युत आपूर्ति ठप रही। कई घंटे बाद लालपुर स्थित 132 केवीए बिजली घर से आ रहे आ रही विद्युत लाइन से सप्लाई चालू की गई। सिविल लाइंस, अजीतपुर, रजा इंटर कॉलेज, पहाड़ी गेट, शाहबाद गेट, सिटी मेंस, आंबेडकर पार्क, बिलासपुर गेट बिजलीघर क्षेत्रों में दिन भर कर्मचारी लोकल फाल्ट से जूझते रहे। दिन भर इन बिजली घरों के अलग-अलग इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही जिसे लोग परेशान रहे। अधिशासी अभियंता प्रथम भीष्म कुमार तोमर ने बताया क्षतिग्रस्त हुई लाइनों की मरम्मत का कार्य चल रहा है लाइनों की मरम्मत होते ही विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। शहर में लोकल फाल्ट सुधारने के लिए टीमें लगाई गई हैं।