रामपुर। जिला जज गौरव कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वादकारी सुलह समझौते के आधार पर अपने मुकदमे निपटाएं। 11 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा वाद निपटाकर लोक अदालत को सफल बनाएं।
गुरुवार को जिला जज ने अपने विश्राम कक्ष में 11दिसंबर को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के विषय में पत्रकारों को बताया। जिला जज ने कहा कि आपसी सुलह से वाद निपटाने से समाज में सौहार्द बढ़ने के समय और धन की बचत होती है। उन्होंने कहा कि 11 दिसंबर को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में 9500 वाद चिंह्ति किए गए हैं। जिसमें भरण पोषण, दुर्घटना प्रतिकर, सिविल प्रकृति के वाद, बैंक लोन, उपभोक्ता फोरम, सम्मनीय वाद, एमबी एक्ट केे वाद आदि का निस्तारण किया जाएगा। जिला जज ने वादकारियों से अपने वादों को अधिक से अधिक संख्या में निस्तारण कराने का आह्वान किया। इस दौरान एडीजे प्रथम धीरेंद्र कुमार, विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रमेश कुशवाह मौजूद रहे।