रामपुर। साले का शव उसके जीजा के गांव पिपला के पास बाग में शनिवार की सुबह पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ मिलक और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त रुद्रपुर के गांव रामजीमलपुर थाना पट्टी निवासी राजेंद्र के रूप में हुई है।
घटना मिलक थानाक्षेत्र के ग्राम पिपला की है। गांव के संजय तिवारी को बाग में एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। सूचना पर मिलक थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद सीओ धर्म सिंह मर्छाल और फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर घटनास्थल का मुआयना किया। मृतक की शिनाख्त रुद्रपुर (उधमसिंहनगर) जिले के थाना पट्टी के रामजीमलपुर गांव निवासी राजेंद्र (25) के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। पिपला गांव निवासी प्रेमपाल ने पुलिस को बताया है कि मृतक उसके बेटे नितिन का साला है। मृतक की बहन चांदनी का कहना है कि वह घर नहीं आया था। पुलिस से घटना की सूचना मिली है। मिलक कोतवाली प्रभारी सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है। मृतक के पिता हरियाणा में मजदूरी करते हैं। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं।