तोपखाना रोड पर वाहन की टक्कर से गुरुवार की रात एक हलवाई की मौत हो गई। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार के लोग मृतक के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही घर ले गए। संभल के थाना चंदौसी के गांव घंटकेश्वर निवासी चंद्रपाल बुधवार की शाम को अपने साथियों के साथ रामलीला मैदान में एक शादी समारोह में हलवाई का काम करने आया था।
इस दौरान गुरुवार की देर रात को वह किसी काम से सड़क किनारे आया था। इसी बीच किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। बाद में साथियों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पर चंद्रपाल के परिजनों में कोहराम मच गया और वे भी मौके पर आ गए। बाद में बिना पोस्टमार्टम कराए ही उसके शव को घर ले गए। कोतवाली प्रभारी नरेशपाल का कहना है कि हलवाई की मौत के बाद उसके परिवार के लोग कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहते थे। इसके बाद वो शव को अपने साथ ले गए।