मुरादाबाद के कोयला कारोबारी की कार से चालीस हजार उड़ाए
रामपुर। मुरादाबाद के कोल कारोबारी की कार से बदमाशों ने सूटकेस उड़ा लिया, जिसमें 40 हजार रुपये और कुछ जरूरी कागजात थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मुरादाबाद के थाना कटघर के मोहल्ला परतापुर कालोनी निवासी बनवारी लाल कोल कारोबारी है। बुधवार दोपहर वह अपनी कार से चालक के साथ गंज थाना क्षेत्र के बगी गांव में कोल कारोबारी मुकुल जैन के पास आए थे। इस दौरान उन्होंने कार बाहर ही खड़ी कर दी। आरोप है कि इस दौरान किसी ने पिछली सीट के शीशे तोड़कर उसमें रखा सूटकेस चुरा लिया। जब वह वापस आए, तो कार का शीश टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। मामले की जानकारी गंज पुलिस को दी गई। सूचना के बाद गंज थाने में तैनात दरोगा मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कारोबारी के अनुसार सूटकेस में 40 हजार रुपये व कुछ जरूरी कागजात थे।