रामपुर। जिला सहकारी बैंक की पटवाई एवं पुराना गंज शाखा में मृतकों के खातों से पेंशन की धनराशि निकालकर लाखों रुपये का घपला किया गया था। हालांकि, मामला सामने आने के बाद बैंक के अधिकारियों ने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन एवं रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई कर दी। साथ ही इस मामले को जांच के लिए लखनऊ भेज दिया गया है। कोऑपरेटिव की सेल को इस बावत पत्र भेजा गया है। जल्द ही सभी मामलों से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
जिला सहकारी बैंक की पटवाई शाखा मृतक खाताधारकों के खाते से रुपये निकाल लिए गए थे। जब यह मामला उच्चाधिकारियों के पास पहुंचा, जांच के आदेश दे दिए गए। मामले की जांच बैंक के उप महाप्रबंधक संजय गुप्ता को सौंपी गई, जिसके बाद उन्होंने जांच शुरु कर दी। शुरुआती जांच की आंच जब बैंक कर्मचारियों के गले तक पहुंची, तो गबन की गई करीब 12.55 लाख रुपये की धनराशि जमा करा दी गई।
साथ ही दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन एवं रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। ऐसा ही मामला बैंक की पुराना गंज शाखा में आया था, जहां तीन कर्मचारियों को एक साल पहले और बाकी तीन कर्मचारियों को अब निलंबित कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अब बैंक ने आगे की जांच के लिए यह पूूरा मामला कोऑपरेटिव सेल में भेज दिया गया है। इस बावत लखनऊ पत्र भेजा गया है। जल्द ही इन मामलों से संबंधित अभिलेख भी उपलब्ध करा दिए जाएंगे।