रामपुर। आईपीएल मिनी क्रिकेट टूर्नामेंट में कोलकाता किंग्स की टीम ने मैच जीत लिया। दूसरे मैच में दिल्ली स्ट्राइक्स की टीम ने मैच जीत लिया। बाद में दोनों टीमों से एक-एक खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
शहीद-ए-आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेफ हैंड स्कूल के डायरेक्टर शाह फैसल शफी इंटर और कालेज के प्रबंधक शाहजेब पाशा ने किया। प्रतियोगिता में रविवार को पहला मैच बेंगलुरु बुल्स और कोलकाता किंग्स के बीच हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 129 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु बुल्स की टीम निर्धारित ओवरों में सिर्फ 110 रन ही बना सकी। कोलकाता किंग्स ने मैच 19 रन से जीत लिया। कोलकाता की तरफ से मैन ऑफ द मैच अरबाज रहे। जबकि, गेम चेंजिंग अवार्ड अहमद नवाज को मिला।
दूसरे मैच में लखनऊ रॉयल और दिल्ली स्ट्राइक्स की टीमें आमने-सामने रहीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ रॉयल की टीम महज 57 रन बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली स्ट्राइक्स की टीम ने 14 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया और सात विकेट से मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच दिल्ली स्ट्राइक्स के अलमास रहे, जबकि गेम चेंजिंग अवार्ड मेहंदी हसन को मिला। अब सोमवार को सेमीफाइनल होगा। इस मौके पर आयोजक मुफीद, नावेद, मुनीर, अफजाल, फरमान अली आदि मौजूद रहे।