रामपुर। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री एवं राज्यसभा में उपनेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एम-वाई फैक्टर मोदी-योगी हैं। जो राज्य और लोगों की सुरक्षा, समृद्धि, सुशासन की गारंटी हैं। इसी एम-वाई फैक्टर ने उत्तर प्रदेश में तुष्टीकरण के सियासी छल को समावेशी विकास के राष्ट्रवादी बल से ध्वस्त किया है। जिससे बी-थ्री ब्रदरहुड यानी बलवाई, बाहुबली और बेइमानी का ब्रदरहुड परेशान है।
केंद्रीय मंत्री नकवी सोमवार को भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान उपस्थित रहेंगे। इसके लिए रविवार को रामपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शंकरपुर और दनियापुर गांव में चौपाल पर चर्चा कार्यक्रम के तहत पन्ना प्रमुखों, बूथ प्रमुखों, किसानों और ग्रामवासियों से मुलाकात कर चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज दंगे और दबंगों से मुक्त, सुरक्षा-सुशासन से युक्त है। कपट और करप्शन की विरासत, दंगों और दबंगों की सियासत पर मोदी और योगी युग ने विराम लगा दिया है। बोले कि कांग्रेस जो कभी मुल्क की पार्टी थी, आज मोहल्ले की महंगी पार्टी हो गई है। आज कांग्रेस में टिकट लेने वालों से ज्यादा टिकट वापसी वालों की लाइन लगी है। इसके बाद उन्होंने
केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया। जिसमें कोरोना से जंग के इंतजाम, वैक्सीनेशन, देश में बने मेडिकल कालेज, मेट्रो रेल सुविधा, एम्स स्थापना, गन्ना भुगतान, बिजली आपूर्ति आदि के बारे में बताया।