रामपुर। जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन अमरीश पटेल अपने समर्थकों के साथ गुरुवार को साइकिल पर सवार हो गए। उन्हें सपा जिलाध्यक्ष ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। अमरीश पटेल ने कहा कि भाजपा ने हमें और हमारे कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं दिया, जिसकी वजह से समर्थकों की राय के बाद वे सपा में शामिल हुए हैं और अब वे सपा को मजबूत करेंगे।
गुरुवार को अमरीश कुमार पटेल अपने समर्थकों के साथ रामपुर आ गए। उन्होंने शहर विधायक डॉ. तजीन फात्मा से मुलाकात की, जिसके बाद वे सपा कार्यालय पहुंच गए। वहां सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने उन्हें व उनके समर्थकों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। अमरीश कुमार पटेल ने बताया कि वह छात्र जीवन से राजनीति में हैं। जनता ने उन्हें चार बार जिला पंचायत सदस्य बनाया।
उन्होंने 1993 से लेकर 2017 तक बसपा में पूरी ईमानदारी से कार्य किया। इसी के चलते बसपा ने 2012 में उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ाया था। कहा कि उन्हें व उनके समर्थकों को भाजपा में सम्मान नहीं मिला, जिसकी वजह से उन्होंने भाजपा से त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने बताया कि 11 नवंबर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी, जिसमें सहमति बनने के बाद ही वे सपा में शामिल हुए हैं। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य मंजू पटेल, पार्वती देवी पटेल, सीमा पटेल, सुधीर, जागन लाल सागर, नरेश गौतम, कय्यूम खां, केपी गंगवार, मुन्ना लाल गंगवार आदि मौजूद रहे।