रामपुर। फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर पंचायत चुनावों में प्रधान पद का चुनाव लड़ने और जीत दर्ज करने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर प्रधान समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मामला मोहम्मदपुर कदीम गांव का है। गांव निवासी अकरम का कहना है कि 2021 में हुए पंचायत चुनाव में फरमीदा बेगम ग्राम प्रधान चुनी गईं। अकरम का आरोप है कि फरमीदा बेगम ने यह चुनाव पिछड़ी जाति के प्रमाण पत्र के आधार पर लड़ा जबकि इससे पहले पिछला चुनाव सामान्य जाति के प्रमाण पत्र पर लड़ा था। उन्होंने फरमीदा बेगम पर फर्जी जाति प्रमाण पत्र से चुनाव लड़ने और जीतने का आरोप लगाते हुए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। जिस पर कोर्ट ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए।
कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को सिविल लाइंस पुलिस ने ग्राम प्रधान फरमीदा बेगम, फुरकान और रफीक अदमद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी लव सिरोही ने बताया की ग्राम प्रधान सहित तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।