रामपुर। सपा सांसद आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट मामले में मंगलवार को कोर्ट में जिरह हुई। इस दौरान वादी आकाश सक्सेना की गवाही हुई। इस मामले में कोर्ट ने बुधवार (15 सितंबर) की तारीख तय की है। बुधवार को भी वादी से जिरह जारी रहेगी। अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट व दो पैनकार्ड मामले में कोर्ट में आरोप तय हो चुके हैं। दोनों मामले एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहे हैं। सोमवार के बाद मंगलवार को भी अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट मामले में सुनवाई जारी रही।
वादी आकाश सक्सेना के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि आकाश सक्सेना से मंगलवार को भी जिरह हुई। बुधवार को भी जिरह का सिलसिला जारी रहेगा। जिला सहायक शासकीय अधिवक्ता रामऔतार सिंह सैनी ने बताया कि सोमवार के बाद मंगलवार को भी वादी आकाश सक्सेना की गवाही व जिरह की प्रक्रिया हुई। इस मामले में जिरह की प्रक्रिया बुधवार (15 सितंबर) को भी जारी रहेगी। बता दें कि अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट मामले में भाजपा के लघु उद्योग प्रकोष्ठ के पूर्व क्षेत्रीय संयोजक आकाश सक्सेना ने सिविल लाइंस थाने में जुलाई 2019 में सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट में प्रक्रिया चल रही है।