रामपुर। सपा सांसद आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट और दो पैनकार्ड मामले में सोमवार को कोर्ट में तारीख नियत थी। जिसमें कोर्ट ने इन तीनों मामलों में अगली तारीख सात अक्तूबर नियत की है।
अब्दुल्ला आजम के खिलाफ दो जन्म प्रमाण पत्र, दो पैन कार्ड और दो पासपोर्ट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने इन सभी मामलों में कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी। इन तीनों मामलों की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है। अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में सपा सांसद आजम खां और नगर विधानसभा सीट से सपा विधायक डॉ. तजीन फात्मा भी आरोपी हैँ। जबकि दो पासपोर्ट मामले में सिर्फ अब्दुल्ला आजम और दो पैन कार्ड मामले में अब्दुल्ला आजम और सपा सांसद आजम खां आरोपी हैं। एमपी-एमएलए कोर्ट में इन तीनों मामलों में आरोप तय हो चुके हैं। इन तीनों मामलों में भाजपा नेता आकाश सक्सेना की गवाही व जिरह की प्रक्रिया हो चुकी है। दो पैन कार्ड मामले में एक बैंक के शाखा प्रबंधक के बयान भी दर्ज हो चुके हैं।
जिला सहायक शासकीय अधिवक्ता रामऔतार सिंह सैनी ने बताया कि सोमवार को इन तीनों मामलों में कोर्ट में तारीख थी। जिसमें कोर्ट ने तीनों मामलों में अगली तारीख सात अक्तूबर तय की है।