रामपुर। जिले की पांच विधानसभा सीटों के लिए उतरे 52 प्रत्याशियों में से नामांकन पत्रों की जांच और नामांकन वापसी के बाद अब सिर्फ 44 प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में बचे हैं। बिलासपुर और रामपुर की सीट से एक-एक प्रत्याशी ने चुनाव मैदान छोड़ दिया है। जबकि, सपा सांसद आजम खां की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा समेत समेत छह प्रत्याशियों के नामांकन पत्र खारिज हो गए थे। लिहाजा, अब 44 प्रत्याशियों के बीच ही चुनावी घमासान होगा।
विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को नाम वापसी के साथ ही पूरी हो गई है। इससे पहले जिले में पांचों विधानसभा सीटों के लिए 52 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था। जिसमें सांसद आजम खां की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा ने अतिरिक्त नामांकन दाखिल किया था, जो उनके पुत्र का नामांकन पत्र वैध होने के बाद खारिज कर दिया गया था। इसके अलावा पांच अन्य प्रत्याशियों के नामांकन खारिज हो गए थे। सोमवार को नाम वापसी थी, जिसमें बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी लीना कपूर और रामपुर विधानसभा क्षेत्र से बेबी सबा ने अपना अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही प्रत्याशियों की फाइनल सूची सामने आ गई है। इसके तहत मिलक सुरक्षित सीट से सबसे कम छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि चमरौआ विधानसभा क्षेत्र से 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं। इसके अलावा बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र और स्वार विधानसभा क्षेत्र से दस-दस प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, रामपुर विधानसभा क्षेत्र से सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं।