रामपुर। जिले में 36 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। इन मेलों में कुल 3593 मरीजों का उपचार किया गया, जिसमें 1527 पुरुष, 1644 महिलाओं एवं 422 बच्चों का चिकित्सीय परामर्श एवं उपचार किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि इन मेलों में प्रान्तीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ साथ आयुष विभाग, आईसीडीएस विभाग एवं आईएमए का भी सहयोग प्राप्त हुआ।
मेले में कुल 113 मरीज जिन्हें विशेष जांचों व उपचार की आवश्यकता थी, उन्हे उच्चीकृत केंद्र संदर्भित किया गया। खून की कमी के 198, सांस रोग के 187, डायबिटीज के 155, उदर रोग के पीड़ित 263, चर्म रोग के 85 एवं टीबी के 83, मरीजों का उपचार किया गया। कोविड-19 के दृष्टिगत मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों में सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क व सेनेटाइजेशन के बारे में भी लोगों को जनकारी दी गई। मेले में 302 गर्भवती माताओं की जांच की गई। स्वास्थ्य शिविरों में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के ई-कार्ड (कुल 197) बनाए गए। जिन मरीजों में खून की कमी पाई गई, उन्हें आयरन फॉलिक एसिड की टैबलेट वितरित की गईं। मेलों में बुखार से बचाव के उपायों के बारे में भी मरीजों को विस्तार से बताया गया। सभी आरोग्य मेलों में लाभार्थियों को कोरोना वायरस के लक्षणों एवं बचाव के लिए सावधानियों से अवगत कराते हुए साबुन-पानी से हाथ धोने की विधि की जानकारी दी गई। इस प्रकार के मेलों का आयोजन जिले में प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रत्येक रविवार को किया जाएगा।