स्वार/बिलासपुर/शाहबाद/रामपुर। जिले भर में सोमवार से किशोरों का कोरोनारोधी टीकाकरण शुरू हो गया। जिले में 1.63 लाख किशोरों को वैक्सीन की डोज देने का लक्ष्य तय किया गया है। पहले दिन सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ों और जिला अस्पताल में किशोरों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई। पहले दिन जिले में 137 किशोरों ने वैक्सीन की पहली डोज ली।
केंद्र सरकार के निर्देशों पर जिले में एक जनवरी से 15 साल से अधिक और 18 साल से कम आयु वाले किशोरों को कोरोना वैक्सीन की डोज देने के लिए पंजीकरण शुरू हुए थे। सोमवार से जिले भर में किशोरों को वैक्सीन की पहली डोज दी जानी शुरू कर दी गई।
इस दौरान किशोरों में टीकाकरण को लेकर उत्साह नजर आया। वहीं सोमवार को जिले में टीकाकरण के 286 सत्रों का आयोजन किया गया। जिसमें 18 से 44 साल आयु वाले 2581 लोगों ने पहली और 4249 लोगों ने दूसरी डोज ली। 45 से 60 साल आयु वाले 1145 लोगों ने पहली और 2008 लोगों ने दूसरी डोज ली। इसके साथ ही 60 साल से अधिक आयु वाले 387 लोगों ने पहली और 578 लोगों ने दूसरी डोज ली। सोमवार को जिले में कुल 11085 लोगों ने वैक्सीन की डोज ली।