रामपुर। शनिवार को हुई यूपी मदरसा बोर्ड की मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल और फाजिल परीक्षा में 1234 परीक्षार्थी शामिल हुए। जबकि, 271 परीक्षार्थी परीक्षा के दौरान अनुपस्थित रहे। जिले भर में बनाए गए छह परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सीसीटीवी कैमरों और वॉयस रिकार्डर की निगरानी में कराई गई। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद सदस्य इमरान अहमद ने तीन परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण कर परीक्षा का जायजा लिया।
यूपी मदरसा बोर्ड की परीक्षा के जिले में राजकीय हामिद इंटर कॉलेज, राजकीय जुल्फिकार इंटर कॉलेज, गुुरुनानक इंटर कॉलेज बिलासपुर, राजकीय इंटर कॉलेज टांडा, स्वार व शाहबाद को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। शनिवार को पहली पाली में सुबह आठ बजे परीक्षा प्रारंभ हुई। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों और परीक्षा डयूटी करने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों को मास्क लगाकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने दिया गया। गेट पर ही परीक्षार्थियों के हाथों को सैनिटाइज किया गया। पहली पाली में मुंशी, मौलवी और आलिम की परीक्षा में 770 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 585 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। जबकि, 185 परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो से शाम पांच बजे तक हुई। दूसरी पाली में कामिल और फाजिल की परीक्षा थी। परीक्षा में 464 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 378 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 86 परीक्षार्थी परीक्षा के दौरान अनुपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के सदस्य इमरान अहमद ने राजकीय जुल्फिकार इंटर कॉलेज, राजकीय हामिद इंटर कॉलेज और गुरुनानक इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अंकित कुमार ने बताया कि शनिवार को परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से निपट गई। किसी भी परीक्षा केंद्र पर कोई भी परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए नहीं पकड़ा गया।