मिलकखानम(रामपुर)। मिलकखानम थाना क्षेत्र में 17 मई को स्कूली बस पलटने से एक छात्रा की मौत के मामले में पुलिस ने बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
17 मई को मिलकखानम थाना क्षेत्र के माटखेड़ा स्थित डिवाइन इंटरनेशनल स्कूल की बस विद्यार्थियों को लेकर स्कूल जा रही थी। इस दौरान पिपलिया जट से जा रहे एक चकरोड के संकरे मार्ग पर बस का पहिया मार्ग किनारे उतर गया, जिससे बस पलट गई। इस दौरान बस में सवार कक्षा यूकेजी की छात्रा अनुप्रीत (4) बस के गेट पर आ गई और उसके नीचे दब गई थी। जिसके बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से बस को उठाया और दबी हुई बच्ची को बाहर निकाला। लेकिन, तब तक उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों बिना कार्रवाई के शव को घर ले गए थे। लेकिन, तीन दिन बाद मिलक खानम पुलिस ने अपनी ओर से मामले में चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। मिलकखानम थानाध्यक्ष केके मिश्रा ने बताया कि थाने में तैनात उपनिरीक्षक शारदा बक्श की तहरीर के आधार पर बस संख्या यूपी 16 क्यू 9677 के चालक जितेंद्र सिंह उर्फ मोती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।