मेडिकल स्टोर पर इलाज कराने की कोशिश एक छात्र की जिंदगी पर भारी पड़ गई। छात्र के परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने उसे इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ समय बाद ही उसकी मौत हो गई।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में शाहबाद गेट स्थित हाइडिल कालोनी में रहने वाले बिजली कर्मचारी का बेटा कृष प्रकाश वाल्मीकि (18) दयावती मोदी एकेडमी में 11वीं का छात्र था। शनिवार को वह अपने भाई शानू के साथ अजीतपुर गया था।
शानू ने कि कृष को अचानक कमजोरी और हल्का बुखार महसूस हुआ तो उसे अजीतपुर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर ले गए। आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने कृष को एक इंजेक्शन लगाया, जिसके पांच मिनट बाद ही उसका शरीर नीला पड़ गया और देखते-देखते उसकी मौत हो गई।
बेटे की मौत की जानकारी पर उसकी मां तथा परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। मेडिकल स्टोर संचालक पर गलत इंजेक्शन लगाने के आरोप के साथ उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। बाद में शव को घर ले आए। इस बीच जानकारी पर सिविल लाइंस पुलिस पहुंची और मेडिकल स्टोर संचालक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि इस ममामले में अगली कार्रवाई शुरू होने से पहले दोनों पक्षों के बीच सुलह को लेकर वार्ता शुरू हो गई। छात्र के परिजनों की मंशा के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच वार्ता जारी है।