जगतपुर (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में रविवार को मिक्सर प्लांट के केमिकल टैंक में एक मजदूर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवारीजनों ने प्लांट के मैनेजर पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
इस्माइलमऊ गांव निवासी हिमेंद्र द्विवेदी (32) करीब डेढ़ साल से रामनगर स्थित मिक्सर प्लांट में मजदूूरी करता था। इन दिनों कभी कबार ही मिक्सर प्लांट चल रहा था।
बताते हैं कि शुक्रवार को भी हिमेंद्र मजदूरी करने गया था। रविवार सुबह उसका शव मिक्सर प्लांट के केमिकल टैंक में पड़ा मिला। जानकारी होने पर प्लांट पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना परिवारीजनों व पुलिस को दी। बेटे की मौत से मां शांति और पिता विनय द्विवेदी रो-रोकर बेहाल हैं।
हिमेंद्र की मां ने आरोप लगाया कि प्लांट मैनेजर उसके बेटे को मजदूरी नहीं दे रहा था। उसी ने हत्या की है। मिक्सर प्लांट के मैनेजर सत्येंद्र कुमार ने बताया कि युवक हमारे यहां काम नहीं करता था। मुझ पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।
कोतवाल आशुतोष त्रिपाठी ने पहुंचकर पूरे प्रकरण की पड़ताल की। सीओ डलमऊ अशोक सिंह ने बताया कि मिक्सर प्लांट में एक युवक की मौत हुुई है। युवक मानसिक रूप से बीमार रहता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।