जिले में बुधवार रात वाहनों की तेज रफ्तार में तीन लोगों की सांसें थम गई। बछरावां और शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान और एक राहगीर की मौत हो गई।
वहीं सलोन कोतवाली क्षेत्र में भी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दूधिए को टक्कर मार दी। हादसे में दूधिए ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। जबकि उसके भाई की हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर किया गया है।
बछरावां प्रतिनिधि के मुताबिक थाना क्षेत्र के बल्दी खेड़ा गांव का रहने वाला अमर सिंह (28) बुधवार देर रात बाइक से शिवगढ़ से वापस जा रहा था।
बांदा-बहराइच राजमार्ग पर तिलेंडा गांव के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सलोन प्रतिनिधि के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के बड़ा घोसी का पुरवा मजरे ख्वाजापुर का रहने वाला शाहिद अली (20) दूध बेचता था। बुधवार शाम वह अपने छोटे भाई आबिद अली के साथ बाइक से दूध देने के लिए रसूलपुर जा रहा था।
इसी दौरान सलोन-रसूलपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों भाई बाइक समेत सड़क के किनारे खड्ड में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें देखा तो सूचना परिवारीजनों को दी।
घर वालों ने दोनों को पीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने शाहिद को मृत घोषित कर दिया। वहीं आबिद अली की हालत गंभीर होने पर उसे पहले जिला अस्पताल, फिर वहां से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेज दिया।
कोतवाल वीके सिंह ने बताया कि मृतक के पिता वहीद ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। इन्हौना प्रतिनिधि के मुताबिक शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर बुधवार रात इन्हौना नहर के पास सड़क के किनारे पैदल जा रहे राहगीर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी रात वह खून से लथपथ सड़क के किनारे पड़ा रहा, लेकिन किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पहुंची तो घायल दम तोड़ चुका था। इन्हौंना चौकी इंचार्ज बाढ़ू यादव ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 50 साल है। उसकी पहचान सड़िया थाना शिवरतनगंज निवासी श्रमिक मिट्ठू के रूप में हुई है।