रेल मंत्रालय ने रेल कोच फैक्ट्री रायबरेली का नाम बदलकर मॉडर्न कोच फैक्ट्री (एमसीएफ) रायबरेली कर दिया है। इस बात की जानकारी भारत सरकार की ओर से 4 जनवरी को प्रकाशित गजट में दी गई है।
रेल कोच कारखाने के सीएमई दिलीप कुमार अग्रवाल और जीएम आलोक दबे ने बताया कि देश में कुल तीन रेल कोच कारखाने हैं। इंटीग्रेटेड कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) चेन्नई, रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ) कपूरथला और रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ) रायबरेली।
आरसीएफ नाम से दो कारखाने हो जाने से प्राय: भ्रम हो जाता था। इसलिए रेलवे बोर्ड के प्रस्ताव को रेल मंत्रालय ने मंजूरी देते हुए रेल कोच फैक्ट्री रायबरेली का नाम बदलकर मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री (आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना) संक्षेप में एमसीएफ कर दिया है।
नाम परिवर्तन संबंधी इस सूचना को 4 जनवरी को प्रकाशित भारत के गजट में शामिल किया गया है। जीएम दबे ने बताया कि इस कारखाने में आधुनिकतम तकनीक का प्रयोग हो रहा है। इसीलिए रेलवे बोर्ड ने इसका नाम परिवर्तित किया है।