रायबरेली। रिमझिम फुहारों और आसमान पर छाए काले बादलों के बीच हॉकी खिलाड़ियों ने मोतीलाल नेहरू स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड में खूब पसीना बहाया। बुधवार को तीन दिवसीय रायबरेली मैत्री हॉकी सीरीज शुरू हुई, जिसमें रायबरेली, सहारनपुर, प्रतापगढ़ और पटना की टीमें टकराई। शुरुआती दोनों मैच पटना की टीम ने जीते। ओलंपिक में मिली सफलता के बाद हॉकी सीरीज में जुटे खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
पहला मैच लार्ड कृष्णा हॉकी एकेडमी सहारनपुर और आरके हॉकी पटना के मध्य खेला गया। इसमें पटना की टीम ने एक गोल से मैच जीत लिया। पटना टीम की ओर से सचिन, दानिश, ज्योति और विनय ने एक-एक गोल किया, जबकि सहारनपुर टीम महज तीन गोल ही कर सकी। सहारनपुर के अरमान, हर्षित और हरिकीरत ने गोल किया।
दूसरा मैच आरके हॉकी पटना और अनवर हॉकी सोसाइटी प्रतापगढ़ के बीच हुआ। इस मैच में भी पटना की टीम एक गोल से विजयी रही। पटना टीम ने तीन और प्रतापगढ़ टीम ने दो गोल किए।
पहले मैच के मुख्य अतिथि पपिंदर सिंह सलूजा और दूसरे मैच के मुख्य अतिथि रमेश कुमार रहे। तीसरे मैच में सहारनपुर और रायबरेली की टीम भिड़ीं। यह मैच देर शाम तक चलता रहा।