रायबरेली। जिले में डेंगू की चपेट में चार और लोग आ गए हैं। इस साल अब तक 46 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नए डेंगू मरीज की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संबंधित गांवों में पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। मरीजों के परिवारीजनों की सेहत जांची और मच्छरों से बचने के उपाय बताए।
जिला मलेरिया अधिकारी रितु श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार को लालगंज, शिवगढ़, जगतपुर व शहर क्षेत्र के पूरे पर्वत सिंह का पुरवा में डेंगू का एक-एक केस मिला। इससे पहले 21 अक्तूबर को सलोन क्षेत्र के फरीदपुर बघैला, हरचंदपुर क्षेत्र के महुआखेड़ा, राही के लोधवारी, कृष्णा नगर गोराबाजार, अखिलेशपुरम अमावां, कुरौली बुधकर में एक-एक मरीज मिला था।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही टीमों को मोहल्लों व गांवों में भेजकर संक्रमित लोगों के परिवार के लोगों के सैंपल लिए गए हैं। दवा का छिड़काव कराने के साथ ही लोगों को संक्रामक रोगों से बचने के टिप्स भी दिए गए हैं। जिले में अब तक मिले डेंगू के सभी 46 मरीज खतरे के बाहर हैं।