रायबरेली। शहर क्षेत्र में शनिवार देर शाम स्कॉर्पियो सवार पूर्व प्रधान के बेटे व उसके साथियों पर असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गनीमत रही कि फायरिंग में सभी बाल-बाल बच गए। घटना से दहशत फैल गई।
सूचना पर सीओ सदर वंदना सिंह और सदर कोतवाल राघवन कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की पड़ताल की। साथ ही एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फुटेज में फायरिंग की बात सामने आई है। फुटेज में घटनास्थल के पास संदिग्ध हालात में बाइक सवार दो युवक भी खड़े दिख रहे हैं।
स्कॉर्पियो पर गोली लगने के दो निशान पाए गए हैं। पूर्व प्रधान के बेटे ने हिस्ट्रीशीटर व उसके साथियों पर घटना को अंजाम दिए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत चार लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।
जगतपुर कोतवाली क्षेत्र के रोझइया गोकुलपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान के बेटे मो.अशरफ ने पुलिस को सूचना देकर बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे वह स्कार्पियो पर सवार होकर अपने साथियों अजीम, अंशू के साथ लॉड्री जा रहा था। इसी दौरान सदर कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ पहुंचकर कचहरी रोड के पास असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
गोलियां स्कॉर्पियो में लगी। हम लोगों ने भागकर जान बचाई। घटना के बाद भीड़ एकत्र हो गई। इसी का फायदा उठाते हुए हमलावर भाग गए। पुरानी रंजिश में उसे जान से मारने की कोशिश की गई। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया। पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।
रविवार को फॉरेंसिक टीम ने सदर कोतवाली पहुंचकर पूर्व प्रधान के बेटे की स्कॉर्पियो पर मिले गोली के निशान समेत अन्य बिंदुओं पर जांच की।
सदर कोतवाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर शहर के राना नगर निवासी मंजीत सिंह, लालगंज निवासी निलय सिंह, निराला नगर निवासी शिवम और डीह निवासी युवराज सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला करने का केस दर्ज किया गया है। मामले में नामजद मंजीत सिंह सदर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर भी है।
दूसरे पक्ष ने भी दी तहरीर, लगाया जमीन पर कब्जे का आरोप
दूसरे पक्ष की तरफ से शहर के निराला नगर निवासी एवं अधिवक्ता अभिषेक तिवारी ने पूर्व प्रधान के बेटे और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। अधिवक्ता का आरोप है कि उसकी मां के नाम से महानंदपुर में जमीन है।
शनिवार को पूर्व प्रधान का बेटा अपने साथियों के साथ पहुंचा और उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने लगा। जानकारी होने पर मौके पर पहुंचा तो पूर्व प्रधान के बेटे व उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नियत से फायर किया। कोतवाल का कहना है कि दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी घटना की पड़ताल कराई जा रही है।
पूर्व प्रधान के बेटे व उसके साथियों पर फायरिंग की सूचना पर पहुंचकर घटना की पड़ताल की गई। मामले में केस दर्ज करा दिया गया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वंदना सिंह, सीओ सदर