बछरावां (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में घर में घुसकर दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। जानकारी होने पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की पड़ताल की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बछरावां कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दिव्यांग महिला घर पर अकेली थी। उसका पति मजदूरी करने जगदीशपुर गया था। इसका फायदा उठाकर गांव का ही दूध का व्यवसाय करने वाला लवकुश घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। चूंकि जिस महिला के साथ दुष्कर्म किया गया, वह मूकबधिर है, इसलिए वह घटना की जानकारी परिवारीजनों को नहीं दे पा रही थी।
बाद में उसने इशारे से अपनी जेठानी को घटना की जानकारी दी। खून से लथपथ महिला को सीएचसी पहुंचाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म किया गया था। तहरीर मिलने पर केस दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।