गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में सोमवार रात चोरी का आरोप लगाकर एक भट्ठा श्रमिक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात को किसी ने और ने नहीं, बल्कि परिवार की महिलाओं ने ही अंजाम दिया।
वारदात की जानकारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पत्नी की तहरीर पर परिवार की चार महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हाजीपुर गांव निवासी श्याम पासी (40) पंजाब में भट्ठे में मजदूरी करता था।
वह परिवार में छोटा था। एक पखवारा पहले छुट्टी लेकर गांव आया था। सोमवार रात श्याम पासी और उसके भाई रामेश्वर की पत्नी रजाना व रामू पासी की पत्नी कृष्णावती के बीच गेहूं को लेकर विवाद हो गया। रजाना का आरोप था कि देवर श्याम पासी ने उसका गेहूं चोरी कर लिया है।
गेहूं चोरी का आरोप लगाकर सभी ने श्याम पासी पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। उसे पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। परिवारीजनों का आरोप है कि उन्होंने थाने पर तुरंत सूचना दी लेकिन पुलिस ने अनसुना कर दिया। गंभीर हालत में श्याम पासी को परिवारीजन लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।
जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना पर थानेदार पन्नेलाल फोर्स के साथ गांव पहुंचे और मामले की जांच की। थानेदार ने बताया कि मृतक की पत्नी श्यामावती की तहरीर पर कृष्णावती पत्नी रामू पासी, रजाना पत्नी रामेश्वर, गुड्डा देवी पत्नी नीरज और दिनेश की पत्नी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
गेहूं चोरी का आरोप लगाकर वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करजेल भेजा जाएगा। वहीं महज गेहूं चोरी का आरोप लगाकर भट्ठा श्रमिक की हत्या कर दी जाएगी, यह किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था। ग्रामीण भी श्रमिक की हत्या से खफा हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सभी परिवार के लोग थे। कोई बात हो गई थी तो उसे मिल बैठकर सुलझा लेना था, लेकिन किसी की हत्या कर देना यह गलत है। इस मामले में ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।