सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात हिस्ट्रीशीटर ने साथियों के साथ एक महिला को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। महज सड़क से वाहन हटाने के विवाद में फायरिंग की गई।
वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। इस मामले चार हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें से पुलिस ने एक हमलावर को दबोच लिया है। बाकी हमलावरों की गिरफ्तारी का जल्द पुलिस दावा कर रही है।
जानकारी के मुताबिक शहर के खालीसहाट मोहल्ला निवासी बबलू शंकर रात में घर के बाहर सड़क पर अपनी बाइक खड़ी किए हुए था। इसी बीच राजू सोनकर चार पहिया गाड़ी से पहुंच गया। उसने सड़क से बाइक हटाने की बात कही, लेकिन बबलू शंकर ने गाड़ी हटाने से मना कर दिया।
उस समय से राजू कुछ नहीं बोला और वहां से चला गया। कुछ देर बाद राजू अपने अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। उसने बबलू शंकर को घर से बाहर बुलाया और गालीगलौज शुरू कर दी। इसी बीच बबलू शंकर की पत्नी मीना (35) पहुंच गई। बात बढ़ने पर राजू आदि ने तमंचे से मीना को गोली मार दी।
गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह खून से लतपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। सूचना पर सदर कोतवाल सुधीरचंद्र पांडेय फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कोतवाल ने घायल मीना को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
सदर कोतवाल के मुताबिक इस मामले में राजू सोनकर के अलावा बबलू सोनार, जब्बार व बउवा कश्यप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें बबलू सोनार को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी राजू सोनकर की चार पहिया गाड़ी भी कब्जे में ले ली गई।
उधर, सीओ सदर श्वेता श्रीवास्तव ने बताया कि घटना का मुख्य आरोपी राजू सोनकर हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ कई अभियोग दर्ज हैं। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। जल्द बाकी हमलावर भी सलाखों के पीछे होंगे।