थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से ग्राम प्रधान की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब वह जगतपुर कस्बे में ढाबे पर खाना खाने गए थे। रात होने के कारण चालक वाहन लेकर भाग निकला।
घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। साथ ही अन्य ग्राम प्रधानों में शोक की लहर दौड़ गई। सभी ने ब्लॉक पर न सिर्फ शोक सभा की, बल्कि कामकाज भी नहीं किया। ब्लॉक क्षेत्र के बेनीकामा के ग्राम प्रधान नीरज सिंह प्रधान संघ के कोषाध्यक्ष थे।
गुरुवार की शाम वह जगतपुर कस्बा स्थित एक ढाबे में खाना खाने गए थे। वह रात करब 10 बजे ढाबे के सामने मोटरसाइिकल खड़ी करके सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने नीरज सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे से मौके पर हड़कंप मच गय। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में ग्राम प्रधान को ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात ग्राम प्रधान की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिवारीजनों मेें कोहराम मच गया। पिता हरिपाल सिंह, पत्नी मीना सिंह के अलावा दो बेटे अर्पित और हर्षित का रो-रोकर हाल बेहाल है।
जगतपुर में हादसे की जानकारी होने पर कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय रात में जिला अस्पताल पहुंचे। शोक संतृप्त परिवारीजनों को ढांढस बंधाया। मंत्री ने प्रधान की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
उधर प्रधान संघ के अध्यक्ष अमरेश सिंह बघेल की अगुवाई में ब्लॉक परिसर में बैठक हुई। कहा कि नीरज एक मिलनसार युवा प्रधान थे। उनकी मौत से सभी को आघात लगा है। इस मौके पर जुगुन यादव, गोविंद अगिभनहोत्री, रामबरन यादव, कृष्णा पटेल, दल बहादुर सिंह, रमाकांत यादव, शिव बहादुर सिंह, सत्यनारायण सिंह आदि मौजूद रहे।