नसीराबाद थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहे एक शिक्षक को बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया। विरोध करने पर कनपटी पर तमंचा लगा दिया। सूचना पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, तब तक बदमाश भाग गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे शुक्लन मजरे परैया नमकसार गांव निवासी जगनारायण शुक्ला रिटायर शिक्षक हैं। बुधवार को जायस कस्बा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से 30 हजार रुपये पेंशन निकलवा कर बाइक से घर वापस आ रहे थे।
नसीराबाद-परैया नमकसार रोड पर असरफपुर गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवर टेक कर उन्हें रोक लिया। शिक्षक की बाइक की चाभी निकाल ली। कनपटी पर तमंचा लगाकर डिक्की में रखे रुपये निकाल लिए।
पीड़ित के चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़े, तब तक बदमाश बाइक पर सवार होकर भाग गए। यूपी 100 नंबर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ की। एसओ लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।