रायबरेंली में मंगलवार को दीवानी कचहरी स्थित लॉकअप में हुई मारपीट की घटना के बाद जिला अस्पताल में घायल बंदियों के इलाज के दौरान मौजूद पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
दीवानी कचहरी पेशी के लिए लाए गए दो बंदियों में लॉकअप के अंदर मारपीट हो गई। इससे दोनों बंदी घायल हो गए। लॉकअप के अंदर बैठने को लेकर दोनों बंदी आपस में भिड़े। विवाद होने से अन्य बंदियों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने पहुंचकर किसी तरह मामला शांत कराया। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब दो बजे सदर कोतवाली से गोवध निवारण अधिनियम में बंद बंदी नूर आलम को पेशी पर कचहरी लाया गया था। वह लॉकअप में लेटा था। इससे बंदियों को बैठने में दिक्कत हो रही थी। दूसरे बंदी भीखम पाल ने इस पर आपत्ति जताई। बस इतनी सी बात को लेकर विवाद होने लगा।
बताते हैं कि बंदी नूर आलम ने बंदी भीखम के सिर मार दिया। देखते ही देखते दोनों बंदियों में मारपीट होने लगी। यह देख अन्य बंदियों में हड़कंप मच गया। लॉकअप में तैनात पुलिस कर्मियों ने मारपीट करने वाले दो बंदियों को बाहर निकाला। मारपीट में दोनों बंदियों को गंभीर चोटें आई।
सूचना पर कोतवाल कमलेश पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घायल बंदियों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कोतवाल का कहना है कि मामूली बात को लेकर बंदियों में मारपीट हुई थी। रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।