खेलकूद प्रतियोगिता के लिए ग्राउंड बनाने के नाम पर एक डिग्री कॉलेज में 36 हरे शीशम के पेड़ कटवा दिए जाने का मामला सामने आया है। इन पेड़ों की कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है। शिकायत के बाद पहुंची वन विभाग की टीम ने मौके की जांच की और कटे पेड़ों की बिक्री पर रोक लगा दी है।
डॉ. अंबेडकर राजकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय ऊंचाहार कुछ दिन पूर्व शीशम के पेड़ों से हरा भरा था। कॉलेज आने वाले छात्र-छात्राओं को गर्मी में पेड़ों की शीतल छाया के साथ ठंडी हवा भी मिलती थी, लेकिन कॉलेज प्रशासन के कुछ जिम्मेदार लोगों ने इस पर ग्रहण लगा दिया है।
कॉलेज में खड़े लगभग पांच लाख कीमत के 36 हरे शीशम के पेड़ों को कटवा दिया गया। बताया जा रहा है कि विभागीय अनुमति व वन विभाग की परमिट लिए बगैर इन पेड़ों को कटवा गया। इसकी कुछ लोगों ने सूचना वन विभाग के अफसरों को दे दी। इस पर वन विभाग के अधिकारी पहुंचे और मौके की जांच की।
मामला उजागर हो जाने के बाद कॉलेज प्रशासन खेलकूद प्रतियोगिता के लिए मैदान बनाने की बात कह रहा है। वन विभाग ने कटे पेड़ों की बिक्त्रस्ी पर रोक लगाकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी में है।
उधर, कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. राजेश यादव का कहना है कि क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए 400 मीटर का ग्राउंड बनाया जाना है। ये पेड़ ग्राउंड के बीच में आ रहे थे। इससे मैदान बनाने में अड़चन आ रही थी। इसलिए पेड़ों को काट कर बाहर रखा गया है।
कुछ लोग फर्जी इस मामले को तूल दे रहे हैं। डलमऊ क्षेत्र के रेंजर एसके शर्मा का कहना है कि अवैध तरीके से पेड़ कटवाए गए हैं। बिक्री पर रोक लगा दी गई है। मामले में कार्रवाई की जाएगी।