रायबरेली। नवरात्र की महानवमीं के अवसर पर गुरुवार को मंदिरों से लेकर पंडालों तक में हवन पूजन के साथ मां के जयकारे गूंजे। भक्तों ने मां दुर्गा के नौवें स्वरूप सिद्धिधात्री की आराधना कर कन्या पूजन के साथ सभी की सुख समृद्धि का आर्शीवाद देवी मां से मांगा।
शहर के मंशा देवी में सुबह से ही पूजन-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने विधि विधान से पूजा अर्चना के साथ हवन पूजन किया।
रेलवे स्टेशन रोड, राजकीय कॉलोनी व पुलिस लाइंस में सजे हुए दुर्गा पूजा पंडालों में जुटे भक्तों ने मां की आराधना कर जयकारे लगाए।
डीह ब्लॉक क्षेत्र के टेकारी दांदू गांव में सजे दुर्गा पंडाल में भगवती जागरण हुआ। इस दौरान भक्तों ने मइया के जयकारे लगाए जागरण समारोह की अध्यक्षता मंसाराम पांडेय ने की।