हरचंदपुर (रायबरेली)। हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के अजमतउल्लागंज गांव में शनिवार को सपा और भाजपा समर्थकों के बीच सड़क पर खड़े वाहनों को हटाने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान गाली-गलौज के साथ तीखी बहस हुई। नौबत मारपीट तक पहुंचती, लेकिन तब तक पुलिस ने पहुंचकर किसी तरह मामला शांत कराया।
सपा का आरोप है कि उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। समर्थकों को प्रचार न करने के लिए धमकाया गया। वहीं भाजपा समर्थक तोड़फोड़ से इंकार कर रहे हैं। पुलिस तहरीर मिलने पर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
अजमतउल्लागंज गांव में शनिवार देर शाम हरचंदपुर के सपा प्रत्याशी समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार कर रहे थे। बताते हैं कि गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी।
इसी दौरान हरचंदपुर ब्लॉक प्रमुख पीयूष प्रताप सिंह भी डिप्टी सीएम के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद हरचंदपुर की तरफ आ रहे थे। सड़क किनारे वाहन खड़ा होने से ब्लॉक प्रमुख का काफिला नहीं निकल पा रहा था। इससे उनके समर्थकों ने सड़क से वाहनों को हटाने की बात कही। इस पर विवाद हो गया।
सपा प्रत्याशी का आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने गालीगलौज और कहासुनी करते हुए वाहनों में तोड़फोड़ की। उधर, ब्लॉक प्रमुख का कहना है कि सड़क किनारे वाहन खड़े थे। सिर्फ वाहन हटाने की बात कही गई थी।
किसी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ। उधर, सीओ महराजगंज रामकिशोर सिंह का कहना है कि चुनाव प्रचार के दौरान सपा और भाजपा समर्थकों के बीच विवाद की बात सामने आई है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान और समर्थक को प्रचार न करने के लिए धमकाया : वीरेंद्र यादव
सपा और भाजपा प्रत्याशी समर्थकों में विवाद के मामले में सपा ने प्रेस कांफ्रेंस कर अपनी बात कही। सुपर मार्केट स्थित कार्यालय में सपा के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने मीडिया से बात की और बताया कि सपा प्रत्याशी के समर्थक धर्मेश प्रधान और मनोज लोधी को प्रचार न करने के लिए धमकाया गया। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की और कहा कि इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी।