लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर मार्ग पर एक ढाबे के निकट शनिवार देर रात बोलेरो और एसयूवी की आमने-सामने हुई टक्कर में बोलेरो सवार पीएसी जवान और एसयूवी सवार दो लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पीएसी जवान प्रयागराज के बाघपुर नहवाई, मांडा गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह (42) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक कांस्टेबल 12 बटालियन पीएसी फतेहपुर में तैनात था। उपचार के दौरान दोनों एसयूवी सवार पुलिस को चकमा देकर भाग गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक कांस्टेबल लखनऊ से सरकारी वाहन से वापस फतेहपुर जा रहा था। तभी फतेहपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार एसयूवी से टक्कर हो गई, जिससे दोनों वाहनों में सवार तीन लोग घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां बोलेरो चालक धर्मेंद्र सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिवारीजनों सहित कांस्टेबल के बटालियन के संबंधित अधिकारियों को दी।
सूचना पर बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट अरशद जमाल सिद्दीकी अस्पताल पहुंचे। जहां उनकी मौजूदगी में मृतक सिपाही को जिले की मर्च्यूरी रखने के लिए भेज दिया गया। रविवार को परिवारीजनों के आने पर शव का पोस्टमार्टम हुआ।
25 बटालियन पीएसी के सेनानायक डॉ. अरविंद भूषण पांडेय ने कोतवाली पहुंचकर जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि मृतक के चाचा की तहरीर पर वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहन पुलिस के कब्जे में हैं। हादसे के बाद मृतक सिपाही की पत्नी नीतू सिंह व 14 वर्षीय बेटे साहिल सिंह सहित अन्य परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।