रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में इस बार 65,143 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिले में 103 परीक्षा केंद्र बनाए जाने के साथ ही 332 विद्यालयों के परीक्षार्थियों का आवंटन भी किया गया है। आवंटन सूची का परीक्षण करने के बाद परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की वास्तविक संख्या का पता चला। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष लगभग साढ़े छह हजार परीक्षार्थी कम हुए हैं।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का कार्यक्रम अभी घोषित नहीं हुआ है, लेकिन परीक्षाएं इसी महीने शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। गत वर्ष 2021 की बोर्ड परीक्षा में 71,828 परीक्षार्थी आवंटित किए गए थे, जिसमें हाईस्कूल के 38,705 और इंटरमीडिएट के 33,123 परीक्षार्थी शामिल थे। परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए 105 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। हालांकि परीक्षा नहीं हुई थी। सभी परीक्षार्थियों को प्रमोट कर दिया गया था।
पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष परीक्षार्थियों की संख्या में काफी कमी आई है। इस साल 65143 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। जिले में संचालित 332 माध्यमिक विद्यालयों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों का आवंटन 103 परीक्षा केंद्रों में किया गया है। परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी होने के बाद परीक्षार्थियों की वास्तविक संख्या का पता चला। यानी कि वर्ष 2022 की बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के 35,292 और इंटरमीडिएट के 29,851 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को लेकर तैयारियां जोरशोर से पूरी कराई जा रही हैं। कंट्रोल रूम बनाया जा चुका है। परीक्षा केंद्रों को वायस रेकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जा चुका है। शिक्षकों का डेटा जुटा लिया गया है, ताकि उनकी ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के तौर पर लगाई जा सके। डीआईओएस ओमकार राणा ने बताया कि यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए जिले में 103 केंद्र बने हैं। जहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 65,143 परीक्षार्थी एग्जाम देंगे। परीक्षा की तैयारियां पूरी कराई जा रही हैं। परीक्षा कार्यक्रम घोषित ही सभी तैयारियां पूरी करा दी जाएंगी।